अंबाला (Sarkari Naukri)। सरकारी नौकरी लगवाने के नाम पर 15 लाख रुपये की धोखाधड़ी हो गई। पुलिस ने राजिंदर पार्क निवासी मुकेश कुमार की शिकायत पर नारायणगढ़ के कृष्णा कॉलोनी निवासी सुनील कुमार, रामफल, अंधेरी गांव निवासी प्रवीन कुमार व रोहित बंसल के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
मुकेश कुमार ने बताया कि उनके पुत्र दीपक शर्मा ने बीबीए की पढ़ाई की हुई है। उसे सरकारी नौकरी लगवाने के लिए उपरोक्त आरोपियों ने पैसों की मांग की थी। प्रवीन कुमार के साथ उनका मेल-जोल था। जनवरी 2023 में प्रवीन कुमार ने अपनी बातों में फंसाकर कहने लगा कि उनके पुत्र ने बीबीए पास कर ली है, हरियाणा सरकार ने तहसीलदार व ईटीओ की भर्तियां निकाली हैं और उसका एक जानकार है, जो सहायक फूड सप्लाई अधिकारी लगा हुआ है।
उसका नाम सुनील कुमार है और उसकी सरकार में बहुत पहुंच हैं, वह उनके पुत्र दीपक को तहसीलदार लगवा सकता है। इसके बाद वो पेरिस होटल में गए और यहां उनकी मुलाकात सुनील कुमार व रामफल से करवाई और उन्होंने भी उन्हें बातों में फंसा लिया।
परीक्षा देने के बाद भी नहीं आया नाम
आरोपियों ने कहा कि दस लाख रुपये जल्दी दो ताकि वो ऊपर का सिस्टम तैयार कर सकें। इस पर उपरोक्त आरोपियों को 10 मई को दीपक के खाते से चार लाख 49 हजार 990 रुपये ट्रांसफर करवाए और उसी रोज उन्हें पांच लाख रुपये नकद दिए। लेकिन उनके बेटे द्वारा परीक्षा देने के बाद भी नौकरी की सूची में उसका नाम नहीं आया।
इसके बाद मामला जब एसपी कार्यालय पहुंचा तो उन्होंने 20 लाख रुपये दे दिए और 15 लाख रुपये के चैक दिए। जब दोनों चैक बैंक में लगाए गए तो वो बाउंस हो गए। अब आरोपी पैसा देने से इंकार कर रहे हैं और जान से मारने की धमकी दे रहे हैं।
Sarkari Naukri: इस पर से डील पेश की
आरोपियों ने आश्वासन दिया कि वो उनके बेटे को तहसीलदार लगवाने की गारंटी उनकी है। तहसीलदार लगवाने के लिए उन्हें एक करोड़ रुपये देने होंगे। इसमें 35 लाख रुपये पेपर से पहले एडवांस के तौर पर और 65 लाख रुपये नियुक्ति मिलने के बाद अदा करने होंगें। इसके बाद बेटे का फार्म भरवाया गया। दीपक की परीक्षा का रोल नंबर भी उनके साथी रोहित ने व्हाट्सएप किया था।
फरवरी 2023 के अंतिम सप्ताह में सुनील व प्रवीन ने कहा कि उन्हें तुरंत 25 लाख रुपये देने होंगे, क्योंकि ऊपर भी पैसा देकर उन्हे सेटिंग करनी होती है। इसके बाद मुकेश कुमार ने अपने खाते से आरोपी रामफल के खाते में 20 लाख रुपये की आरटीजीएस करवाई और पांच लाख रुपये उन्हें नकद दिए। मई 2023 के पहले सप्ताह में आरोपी उनके पुत्र दीपक से मिले और कहने लगे कि जल्द ही परीक्षा होगी।













