यमुनानगर (Yamunanagar Crime)। देवी भवन बाजार स्थित एटीएम बूथ पर रुपये निकालने आए बुजुर्ग का दो युवकों ने एटीएम कार्ड बदल लिया और बैंक खाते से एक लाख रुपये निकाल लिए। जब मोबाइल पर रुपये निकलने के संदेश आए तो बुजुर्ग ने थाना शहर जगाधरी पुलिस को शिकायत दी।
इस पर पुलिस ने अज्ञात दो युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया। पुलिस को दी शिकायत में जगाधरी की अमर विहार कॉलोनी निवासी इनाम सिंह ने बताया कि उन्हें 9 नवंबर को रुपयों की जरूरत थी, इसलिए वह देवी भवन बाजार स्थित हिताची कंपनी के एटीएम बूथ से रुपये निकालने गए थे।
Yamunanagar Crime: ऐसे दिया वारदात को अंजाम
इस दौरान बूथ पर एटीएम कार्ड से रुपये नहीं निकले। तब वहां दो युवक मौजूद थे, जिन्होंने रुपये निकालने की मदद करने के बहाने उनका एटीएम कार्ड ले लिया। बाद में रुपये न निकलने की बात कहकर युवकों ने एटीएम कार्ड लौटाया। घर लौटने पर मोबाइल पर बैंक खाते से अलग-अलग कर एक लाख रुपये निकलने के संदेश आए।
जब युवकों द्वारा दिया एटीएम कार्ड देखा तो वह बदला पाया। मामले की सूचना पुलिस को दी। जांच अधिकारी चमन लाल ने कहा कि शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मोबाइल छीनकर भाग रहा एक युवक पकड़ा
यमुनानगर बस स्टैंड पर मंगलवार दोपहर युवती का मोबाइल लेकर भागते दो युवकों में एक को लोगों ने पकड़ लिया, जिसकी धुनाई के बाद पुलिस के हवाले कर दिया। सूचना पाकर पहुंची थाना शहर यमुनानगर पुलिस ने पुराना हमीदा की खड्डा कॉलोनी निवासी सुल्तान नाम के युवक को नामजद कर उसे हिरासत में ले लिया, वहीं उसके साथी की तलाश शुरू कर दी।
पुलिस को दी शिकायत में रादौर के रपौली गांव निवासी कोमल ने बताया कि वह और उसकी बहन आंचल जगाधरी स्थित कोचिंग सेंटर से कोचिंग ले रही हैं। मंगलवार दोपहर दोनों बहनें कोचिंग सेंटर से पढ़कर घर जाने के लिए यमुनानगर बसस्टैंड पर पहुंची थी। यहां बस का इंतजार कर रही थी। तभी दो युवक उनके पास आकर खड़े हुए, जिनमें से एक ने आंचल के बैग से मोबाइल फोन निकाल लिया। युवक व उसका साथी मोबाइल लेकर भागने लगे।
शोर मचाने पर लोगों ने दोनों युवकों में से एक को पकड़ लिया, दूसरा साथी भाग गया। पकड़े गए युवक की लोगों ने पिटाई की और डायल-112 को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस युवक को पकड़ कर थाने ले गई, जहां पूछताछ में युवक की पहचान पुराना हमीदा की खड्डा काॅलोनी निवासी सुल्तान बताई। जांच अधिकारी प्रदीप ने बताया कि मोबाइल चोरी के आरोप में मामला दर्ज कर सुल्तान को गिरफ्तार कर लिया है।













