Brinjal Farming Diseases: भारत के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में बैंगन की खेती (Brinjal Farming) बड़े पैमाने पर की जाती है। यह एक ऐसी सब्जी है जिसे हर कोई अपने खेत या किचन गार्डन में उगाना पसंद करता है। हालांकि, बैंगन का पौधा रोगों के प्रति बेहद संवेदनशील होता है, इसलिए बुवाई से लेकर कटाई तक इसकी खास देखभाल करनी पड़ती है। अगर आप भी बैंगन की गिरती पैदावार से परेशान हैं, तो आपको सतर्क होने की जरूरत है। आज हम आपको बैंगन की फसल को बर्बाद करने वाले तीन मुख्य रोगों और उनके सटीक इलाज के बारे में बता रहे हैं।
पौधा गलन रोग की पहचान और कारण
बैंगन की फसल में पौधा गलन या ‘डैम्पिंग ऑफ’ (Damping Off) एक गंभीर बीमारी है। इसकी पहचान मुख्य रूप से पत्तियों के अचानक मुरझाने से होती है। तने का वह हिस्सा जो जमीन से सटा होता है, वह भूरा या काला पड़कर गलने लगता है और अंत में पौधा गिर जाता है। यह रोग पाइथियम और राइजोक्टोनिया (Pythium, Rhizoctonia) जैसी हानिकारक फफूंद के कारण फैलता है, जिससे जड़ें चिपचिपी होकर सड़ जाती हैं।
गलन रोग से बचाव के उपाय
इस बीमारी से बचने के लिए बुवाई से पहले बीजों का उपचार करना सबसे जरूरी है। किसानों को पूसा पर्पल या क्लस्टर जैसी रोग प्रतिरोधी किस्में ही लगानी चाहिए। फसल चक्र अपनाना बेहद आवश्यक है, इसलिए जिस खेत में पहले भिंडी, टमाटर या आलू लगाया हो, वहां तुरंत बैंगन न लगाएं। खेत में पानी जमा न होने दें क्योंकि नमी फंगस को बढ़ाती है। जैविक नियंत्रण के लिए 500 ग्राम ट्राइकोडर्मा विरिडी को 200 लीटर पानी में घोलकर प्रति एकड़ छिड़काव करना लाभकारी होता है।
छोटी पत्ती रोग के लक्षण
बैंगन में छोटी पत्ती रोग (Little Leaf) का प्रकोप सीधा उत्पादन पर असर डालता है। इसमें पौधे की पत्तियां आकार में बहुत छोटी हो जाती हैं। पौधे की शाखाओं का विकास रुक जाता है और वह झाड़ीनुमा दिखने लगता है। सबसे बड़ा नुकसान यह होता है कि ऐसे पौधों में फूल और फल बनने की प्रक्रिया पूरी तरह बंद हो जाती है।
छोटी पत्ती रोग का रासायनिक इलाज
यह एक फाइटोप्लाज्मा जनित रोग है, जिसे पर्ण फुदका कीट फैलाता है। बचाव के लिए संक्रमित पौधों को तुरंत जड़ से उखाड़कर नष्ट कर दें। नीम के तेल (5 मिली/लीटर) का छिड़काव करें। रासायनिक नियंत्रण के लिए 15 लीटर पानी में 8-10 ग्राम थियामेथॉक्सम 25% WG या 6-7 ग्राम इमिडाक्लोप्रिड 70% WG मिलाकर छिड़कें।
फल और तना छेदक कीट का नियंत्रण
फल और तना छेदक कीट बैंगन के सबसे बड़े दुश्मन हैं। इनके हमले से तना मुरझाकर लटक जाता है और सूख जाता है। फल आने पर इल्लियां उनमें छेद करके अंदर घुस जाती हैं और गूदे को खाकर फल सड़ा देती हैं। बचाव के लिए कीड़े वाले फलों को तोड़कर नष्ट कर दें। रासायनिक उपचार के लिए ट्राइजोफॉस 40 ईसी (750 मिली) या क्वीनालफास 25 ईसी (1.5 लीटर) को 600 लीटर पानी में घोलकर प्रति हेक्टेयर छिड़कें।
RBI का बड़ा फैसला: किसान क्रेडिट कार्ड के नियमों में होगा बदलाव, अब मिट्टी की जांच का खर्च भी मिलेगा
Haryana News Post पर नज़र बनाए रखें।













