जींद (Jind News) : जिले में नरवाना क्षेत्र के तीन सब स्टेशनों की बिजली निगम द्वारा क्षमता बढ़ाई जाएगी। गांव मंगलपुर, गुरुसर व रसीदां स्थित 33 केवी स्टेशनों की क्षमता बढ़ेगी। इससे 22 गांव के उपभोक्ताओं को पूरी वोल्टेज के साथ बिजली मिलेगी। निगम ने इसको लेकर प्रक्रिया शुरू कर दी है। क्षेत्र में ट्रांसफार्मर ओवरलोड होने से राहत मिलेगी।
बिजली निगम के पास ग्रामीणों की बार-बार अघोषित कटों को लेकर शिकायत पहुंच रही है। उपभोक्ता सतीश कुमार, प्रदीप कुमार, नरेंद्र व सोहन लाल का कहना है कि गर्मी में बिजली के बहुत ज्यादा अघोषित कट लगते हैं। ओवरलोड होने के कारण ट्रांसफार्मर बार-बार फ्यूज उड़ा रहे हैं। जिससे घंटों-घंटों तक बिजली सप्लाई प्रभावित रहती है।
इन गांवों को होगा फायदा
33 केवी सब स्टेशन गुरुसर के अधीन अंबरसर, बेलरखा, मोहनखेड़ा, सुरजाखेड़ा, गुरथली और भाणा ब्राह्मण गांव का एरिया आता है। 33 केवी सब स्टेशन मंगलपुर के अधीन सच्चाखेड़ा, सुरबरा, काकड़ोद, डोहानाखेड़ा समेत अन्य गांव आते हैं। इसके अलावा 33 केवी सब स्टेशन रसीदां के अधीन पदार्थ खेड़ा, नारायणगढ़, रेवर, पिपलथा का एरिया आता है। सब स्टेशनों की क्षमता बढ़ने के बाद इन गांव के उपभोक्ताओं को पूरी वॉल्टेज के साथ बिजली मुहैया होगी।
32 एमवीए का ट्रांसफार्मर रखा जाएगा
बता दें कि रसीदां में 33 केवी सब स्टेशन में 20 एमवीए का ट्रांसफार्मर लगा हुआ है, जो कि गर्मी के दिनों में ओवरलोड होने लगा है। ऐसे में इसकी जगह साढ़े 32 एमवीए का ट्रांसफार्मर रखा जाएगा। वहीं 33 केवी सब स्टेशन मंगलपुर में 20 एमवीए का ट्रांसफार्मर रखा हुआ है, लेकिन अब उसकी जगह 25 एमवीए का रखा जाएगा। इसके अलावा 33 केवी सब स्टेशन गुरुसर में साढ़े 12 एमवीए का रखा हुआ है, जिसकी जगह 25 एमवीए का ट्रांसफार्मर रखा जाएगा। इन सब स्टेशनों की क्षमता बढ़ क्षेत्रों में बिजली के अघोषित कटों से राहत मिलेगी।
एसई मदन लाल सुखीजा ने बताया कि जिले में नरवाना क्षेत्र में आने वाले तीन सब स्टेशनों की क्षमता बढ़ाई जाएगी। 33 केवी मंगलपुर, 33 केवी रसीदां और 33 केवी गुरुसर की क्षमता बढ़ाई जाएगी। इसको लेकर प्रक्रिया शुरू कर दी है। वर्क ऑर्डर मिलते ही कार्य शुरू कर दिया जाएगा।












